गोपाष्टमी मेले में सजेगी काव्य की महफिल, 16 नवंबर को देश के ख्यातिप्राप्त कवि बांधेंगे समां - W7S News Hindi

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Friday, 13 November 2026

गोपाष्टमी मेले में सजेगी काव्य की महफिल, 16 नवंबर को देश के ख्यातिप्राप्त कवि बांधेंगे समां


 

आठगांव गौशाला में 15 से तीन दिवसीय मेला, बच्चों के लिए झूले, खानपान एवं मनोरंजन के होंगे साधन


W7s news,,गुवाहाटी, 11 नवंबर। आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में आगामी 15 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले में इस बार भक्ति, परंपरा, साहित्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले का विशेष आकर्षण 16 नवंबर (सोमवार) को शाम 7:30 बजे से आयोजित होने वाला भव्य कवि सम्मेलन होगा। इसमें देश के ख्यातिप्राप्त कवि डॉ. प्रवीण शुक्ला, अनिल रघुवंशी, सुदीप भोला और डॉ. भुवनी मोहन अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

श्री गौहाटी गौशाला की ओर से आयोजित यह पारंपरिक गोपाष्टमी मेला 110 वर्षों से अधिक पुरानी संस्था की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है। मेले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, खिलौने, खान-पान के स्टॉल, हस्तशिल्प और खरीदारी के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजकों का प्रयास है कि बच्चे, युवा और परिवार के सभी सदस्य मेले का भरपूर आनंद उठा सकें।

श्री गौहाटी गौशाला के ट्रस्टी चेयरमैन कैलाश चंद लोहिया ने कहा कि गोपाष्टमी मेला हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौसेवा की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मेले में अवश्य लेकर आएं, ताकि बचपन से ही वे भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गौसेवा के महत्व से रूबरू हो सकें।

ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक कुमार धानुका ने कहा कि आज की पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को इस मेले का हिस्सा बनाएं, ताकि वे हमारी धार्मिक मान्यताओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझ सकें। उन्होंने बताया कि मेले को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

गौशाला के अध्यक्ष रमेश गोयनका ने शहरवासियों से सपरिवार मेले में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि गोपाष्टमी मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार और समाज को एक साथ जोड़ने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और गौमाता के प्रति सम्मान की भावना से परिचित कराने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।

आयोजकों के अनुसार, गोपाष्टमी मेले का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और गौसेवा की भावना को मजबूत करना भी है। मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के स्वागत के लिए गौशाला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।

इस तीन दिवसीय मेले को सफल बनाने के लिए गौशाला की कार्यकारिणी समिति एवं विभिन्न उपसमितियों के संयोजक अपनी-अपनी टीमों के सदस्यों के साथ पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here