नेग्टा के 49वें बायर्स एंड सेलर्स मीट का शुभारंभ
W7s news,,गुवाहाटी, 4 जुलाई: मंदी की मार झेल रहे राज्य के छोटे गारमेंट कारोबारियों को सशक्त बनाने तथा पूर्वोत्तर के परिधान व्यापार को नई गति देने के उद्देश्य से नॉर्थ ईस्टर्न गारमेंट्स ट्रेडर्स एसोसिएशन (नेग्टा) की ओर से महानगर में तीन दिवसीय 49वें बायर्स एंड सेलर्स मीट का शुभारंभ शनिवार से किया गया। इस व्यापारिक प्रदर्शनी का उद्देश्य देशभर के प्रमुख निर्माता, ब्रांड, डिजाइनर और आपूर्तिकर्ताओं को असम एवं पूर्वोत्तर के खुदरा कारोबारियों से एक मंच पर जोड़कर राज्य के छोटे कपड़ा व्यापारियों को नए अवसर उपलब्ध कराना है।
तीन दिवसीय इस फेयर का शुभारंभ भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर नेग्टा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर नेग्टा के अध्यक्ष शेखर अग्रवाल ने कहा कि वर्ष में दो बार आयोजित होने वाला बायर्स एंड सेलर्स मीट आज देश के प्रतिष्ठित गारमेंट व्यापार मंचों में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विशेष रूप से असम एवं पूर्वोत्तर के छोटे और मध्यम गारमेंट कारोबारियों को देश के अग्रणी ब्रांडों, निर्माताओं, डिजाइनरों एवं आपूर्तिकर्ताओं से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे प्रतिस्पर्धी कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की खरीद कर अपने व्यवसाय को और अधिक मजबूत बना सकते हैं।
नेग्टा के महासचिव वरुण रूंगटा ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए इस बार की प्रदर्शनी में ऑटम-विंटर 2026 के नवीनतम कलेक्शन प्रदर्शित किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी का आयोजन होटल डायास्को में किया गया है, जबकि होटल अतिथि, होटल विश्वरत्न, होटल राजमहल तथा श्री महावीर धर्मशाला सहयोगी स्थल के रूप में जुड़े हुए हैं।
फेयर में 200 से अधिक प्रदर्शक 600 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के पुरुष, महिला एवं बच्चों के परिधान, फुटवियर तथा फैशन एक्सेसरीज़ के नवीनतम उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में असम सहित पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से 650 से अधिक खुदरा व्यापारी एवं कारोबारी प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है, जो व्यापारिक संपर्क स्थापित करने, उत्पादों की खरीद तथा अग्रिम बुकिंग करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रदर्शनी की परिकल्पना पूर्वोत्तर के व्यापारियों की बदलती व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसका विशेष उद्देश्य असम के छोटे गारमेंट कारोबारियों को नवीनतम उत्पादों, प्रतिस्पर्धी मूल्य और बेहतर व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराना है। नेग्टा के जनसंपर्क अधिकारी राजीव अजितसरिया ने कहा कि संस्था व्यापार एवं वाणिज्य को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कल्याण गतिविधियों के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।
इस आयोजन का संचालन नेग्टा के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों—अध्यक्ष शेखर अग्रवाल, महासचिव वरुण रूंगटा, उपाध्यक्ष अनिल कोचर, कोषाध्यक्ष शैलेश गोयनका, जनसंपर्क अधिकारी राजीव अजितसरिया तथा कार्यकारिणी सदस्य चंदन सेठिया, चंदन पारीक, अजय बराड़िया, दिनेश पारीक, रविंद्र जैन, दीपक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राज कुमार चौधरी एवं संजित जैन—के सक्रिय सहयोग से किया जा रहा है।
तीन दिवसीय ऑटम-विंटर कलेक्शन 2026 प्रदर्शनी का समापन 6 जुलाई को होगा।

No comments:
Post a Comment