अंबुवासी मेले में 23 जून को मेगा रक्तदान अभियान का नेतृत्व करेगी 17 वर्षीय कृति धानुका
W7s news,,गुवाहाटी, 21 जून : विश्व प्रसिद्ध अंबुवासी मेले के अवसर पर एक अभिनव पहल करते हुए मेगा रक्तदान अभियान का आयोजन आगामी 23 जून को किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व 17 वर्षीय युवा समाजसेवी एवं चेंजमेकर कृति धानुका कर रही हैं। इस मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव को लेकर सुश्री कृति धानुका ने रविवार को आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में एक स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस जागरूकता अभियान की विशेष बात यह रही कि आज आयोजित निट की परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के अभिभावक गौशाला प्रांगण में अपने बच्चों के पेपर खत्म होने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में वहां मौजूद अभिभावकों को कृति धानुका ने रक्तदान के महत्व, फायदे बताए एवं इससे जरूरतमंदों को होने वाले स्वास्थ लाभ की जानकारी दी। इसको अलावा सभी के बीच रक्तदान जागरूकता फ्लायर भी बांटे गए। कृति धानुका ने सभी से आग्रह किया कि आगामी 23 जून को अंबुबासी मेले के दौरान वे लोग भांगागढ़ स्थित जीएमसीएच के ब्लड बैंक, छत्रीबाड़ी स्थित परशुराम सेवा सदन, सोनापुर स्थित मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसोर्ट तथा पलाशबाड़ी में रक्तदान कर सकते है।
जागरूकता अभियान के दौरान कृति धानुका ने कहा कि अंबुबासी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु गुवाहाटी पहुंचते हैं, जबकि अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं में रक्त की आवश्यकता लगातार बनी रहती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से आगे आकर इस पुण्य कार्य में भाग लेने की अपील की।
सुश्री धानुका ने कहा कि रक्त की एक यूनिट तीन लोगों तक का जीवन बचाने में सहायक हो सकती है। यह अभियान दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों तथा आपातकालीन चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। अंबुवासी मेले के इस पावन अवसर पर रक्तदान करके किसी जरूरतमंद को नया जीवन देना सच्ची मानव सेवा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कम उम्र में इस तरह की सामाजिक पहल करने के लिए कृति धानुका की सराहना की और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

No comments:
Post a Comment