*
मारवाड़ी केवल एक नाम नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान की पहचान है: पवन गोयनका
मातृत्व, नेतृत्व और कर्तृत्व की मूरत हैं महिला: कैप्टन मीरा सिद्धार्थ दवे
W7s news,,गुवाहाटी, 8 अगस्त। नारी शक्ति, नारी सम्मान और नारी उत्थान को समर्पित ‘तेजस्विता’ प्रथम महिला अधिवेशन का शनिवार को छत्रीबाड़ी स्थित असम महेश्वरी भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा के आतिथ्य में तथा मानिकचंद ज्वैलर्स के सहयोग से आयोजित यह दो दिवसीय अधिवेशन पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के इतिहास में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। अधिवेशन में पूर्वोत्तर प्रांत की 20 महिला शाखाओं से 300 से अधिक महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
अधिवेशन के शुभारंभ अवसर पर आयोजित उद्घाटन सत्र में अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा, अरुणा सरावगी एवं खुशबू दमानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। मंच पर प्रांतीय उपाध्यक्ष मुख्यालय विनोद लोहिया, महामंत्री रमेश चांडक, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, शाखा अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा तथा अधिवेशन की स्वागत अध्यक्ष सरोज मित्तल भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं राज्य में आई बाढ विभिषिका में दिवंगत लोगों की आत्मशांति हेतु 1 मिनट का मौन एवं श्रृद्धांजलि रखा गया। तत्पश्चात मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा सुमधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद शाखा अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा ने अपने संबोधन में सम्मेलन के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं सभी बहनों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि 20 शाखाओं से आई बहनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के बिना ‘तेजस्विता’ अधिवेशन की कल्पना संभव नहीं थी। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहभागी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका ने अपने संबोधन में कहा कि “मारवाड़ी केवल एक नाम नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान की पहचान है।” उन्होंने कहा कि मारवाड़ी होना आसान नहीं है। इसके लिए मेहनत, ईमानदारी और अपने संस्कारों के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है। समाज को हर क्षेत्र में मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों को भी सहेजकर रखना होगा।
उन्होंने ‘तेजस्विता’ प्रथम महिला अधिवेशन की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रतिभा, क्षमता और नेतृत्व को मंच प्रदान करने की यह एक सराहनीय पहल है। उन्होंने पूर्वोत्तर प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के इतिहास में पहली बार इस तरह के महिला अधिवेशन के आयोजन के लिए मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा को बधाई दी तथा आयोजन को सफल बनाने में जुटे सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा ने समाज में बढ़ते प्री-वेडिंग शूट के माध्यम से फैल रही कुरीतियों को रोकने का आह्वान किया। उन्होंने समाज की परंपराओं, संस्कारों एवं मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि अरुणा सरावगी ने अपने संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी उतना ही सजग रहना चाहिए, जितना वे अपने शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर रहती हैं। स्वस्थ मन ही आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवन की मजबूत नींव है।
वहीं विशिष्ट अतिथि खुशबू दमानी ने कहा कि हर व्यक्ति को सपने देखने और उन्हें पूरा करने का समान अधिकार है। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों को लक्ष्य में बदलते हुए आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र के दौरान ‘तेजस्विता’ गीत एवं ‘सुबोधनी’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इसके बाद अधिवेशन के पहले दिन के दूसरे चरण में आयोजित नारी सशक्तिकरण सत्र में सूरत से पधारीं मुख्य वक्ता कैप्टन मीरा सिद्धार्थ दवे ने अपने प्रेरक जीवन-सफर और अनुभवों के माध्यम से महिलाओं को प्रोत्साहित किया।
कैप्टन मीरा सिद्धार्थ दवे ने महिला शक्ति के विभिन्न आयामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन हाथों ने सलीके से चूड़ियां पहनना सीखा है, उन्हीं हाथों ने आवश्यकता पड़ने पर रॉकेट लॉन्चर और एके-47 भी संभालकर अपनी वीरता और सामर्थ्य का परिचय दिया है। उन्होंने महिला के मातृत्व, नेतृत्व और कर्तृत्व के विभिन्न पहलुओं का सुंदर एवं प्रेरणादायी वर्णन करते हुए उपस्थित महिलाओं का मार्गदर्शन किया। सत्र के दौरान महिलाओं ने उनसे विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका कैप्टन दवे ने बेबाक और प्रभावी ढंग से जवाब दिया।
दो दिवसीय ‘तेजस्विता’ महिला अधिवेशन का समापन रविवार को होगा। समापन समारोह में पूर्व सांसद क्वीन ओझा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष जूरी शर्मा बोरदोलोई, सीए रागिनी गोयल सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। अधिवेशन के दूसरे दिन भी महिलाओं की जागरूकता, सशक्तिकरण एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। दो दिवसीय अधिवेशन को सफल बनाने में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की सभी सदस्याएं जुटी हुई है।

No comments:
Post a Comment