*
पूर्वोत्तर प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के इतिहास में पहली बार महिला अधिवेशन, 8-9 अगस्त को गुवाहाटी में जुटेंगी 300 से अधिक महिलाएं
W7s news,,गुवाहाटी, 6 अगस्त। नारी शक्ति, नारी सम्मान एवं नारी उत्थान को समर्पित ‘तेजस्विता’ नामक प्रथम महिला अधिवेशन का आयोजन पूर्वोत्तर प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के इतिहास में पहली बार गुवाहाटी में होने जा रहा है। मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा के आतिथ्य में तथा मानिकचंद ज्वैलर्स के सहयोग से आगामी 8 एवं 9 अगस्त को छत्रीबाड़ी स्थित असम महेश्वरी भवन में इस दो दिवसीय महिला अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा।
पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा ने बताया कि अधिवेशन में पूर्वोत्तर प्रांत की 20 महिला शाखाओं से 300 से अधिक महिलाएं भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि ‘तेजस्विता’ का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी एवं जागरूक बनाने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करना है।
अधिवेशन के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र में अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा, अरुणा सरावगी एवं खुशबू दमानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
अधिवेशन में महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़े कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। नारी सशक्तिकरण सत्र को दिल्ली से पहुंच रहीं कैप्टन मीरा सिद्धार्थ दवे संबोधित करेंगी, जबकि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से सीए रागिनी गोयल विशेष सत्र में मार्गदर्शन देंगी। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज का नाम रोशन करने वाली राज्य के विभिन्न हिस्सों की 11 महिलाओं को ‘नारी शक्ति सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।
इस अवसर पर ‘सुबोधनी’ पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही स्थानीय महिला कवयित्रियों की ओर से कवि सम्मेलन आयोजित होगा। अधिवेशन के दूसरे दिन भी महिला जागरूकता एवं सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।
समापन समारोह में असम की सांस्कृतिक विरासत की विशेष झलक देखने को मिलेगी। इस अवसर पर अधिवेशन में शामिल महिला प्रतिनिधि पारंपरिक मेखला-चादर परिधान में नजर आएंगी। समापन सत्र में पूर्व सांसद क्वीन ओझा मुख्य अतिथि तथा भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष जूरी शर्मा बोरदोलोई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
प्रांतीय महामंत्री रमेश चांडक ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में इस ऐतिहासिक अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिवेशन की तैयारियों में शाखा अध्यक्ष संतोष शर्मा, स्वागत अध्यक्ष सरोज मित्तल, स्वागत मंत्री सरला काबरा, सचिव मंजू भंसाली, कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया सहित सभी संयोजिकाएं एवं सदस्य पिछले कई महीनों से जुटी हुई हैं।
प्रांतीय उपाध्यक्ष मुख्यालय विनोद कुमार लोहिया ने कहा कि पूर्वोत्तर प्रांत के इतिहास में पहली बार आयोजित होने वाले महिला अधिवेशन को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने प्रांत की ओर से अधिवेशन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
महिला शाखा की अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि ‘तेजस्विता’ को सफल बनाने के लिए गुवाहाटी स्थित सम्मेलन की पांचों शाखाओं के साथ-साथ अन्य शाखाओं का भी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन महिलाओं की प्रतिभा, शक्ति और आत्मविश्वास को नई पहचान देने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

No comments:
Post a Comment