ऑलराउंडर आकाश सेनगुप्ता संभालेंगे कप्तानी की कमान
W7s news,,गुवाहाटी, 30 जुलाई: असम प्रीमियर लीग (एपीएल) 2026 के उद्घाटन संस्करण में भाग लेने वाली फ्रेंचाइजी टीम तेजपुर टाइटंस ने खानापाड़ा स्थित होटल पलासियो में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान अपनी आधिकारिक टीम जर्सी का अनावरण किया। इस अवसर पर टीम के ऑलराउंडर आकाश सेनगुप्ता को आगामी सत्र टीम के कप्तान के रूप में कमान सौंपी गई।
समारोह में तेजपुर टाइटंस की आधिकारिक टीम जर्सी का अनावरण तेजपुर टाइटंस के मेंटर एवं विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा तथा तेजपुर टाइटंस और रफ्तार स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के फ्रेंचाइज़ी निदेशक एवं मालिक गिरीश परसरामका ने संयुक्त रूप से किया। वहीं फ्रेंचाइजी ने कप्तान के तौर पर आकाश सेन गुप्ता के नेतृत्व कौशल, अनुभव और हरफनमौला प्रदर्शन पर विश्वास जताते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी तथा एपीएल के पहले संस्करण में तेजपुर टाइटंस का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम में टीम के मेंटर राज कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति ने खिलाड़ियों का काफी उत्सवर्धन किया। उनके मार्गदर्शन और अनुभव से टीम को आगामी प्रतियोगिता में लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
इस अवसर पर फ्रेंचाइजी प्रबंधन गिरीश परसरामका ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसी प्रतिस्पर्धी और संतुलित टीम तैयार करना है, जो न केवल तेजपुर का गौरव बढ़ाए, बल्कि पूरे असम के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने। यह समारोह तेजपुर टाइटंस की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अनावरण की गई जर्सी आगामी असम प्रीमियर लीग में टीम की पहचान का प्रतीक होगी। साहस, दृढ़ संकल्प और जुझारू भावना को दर्शाती यह जर्सी उस टीम के आत्मविश्वास और संकल्प का प्रतिनिधित्व करती है, जो राज्य के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी मजबूत छाप छोड़ने के लिए तैयार है।
समारोह में फ्रेंचाइजी के मालिकों, खिलाड़ियों, प्रायोजकों, साझेदार संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। सभी ने बहुप्रतीक्षित असम प्रीमियर लीग से पहले टीम की आधिकारिक जर्सी के अनावरण के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने का अवसर प्राप्त किया।
तेजपुर टाइटंस ने उद्घाटन सत्र के लिए अपने सहयोगी संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि डी कुमार ग्रुप टीम के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में जुड़ा है, जबकि होटल पलासियो को-स्पॉन्सर एवं ऑफिशियल हॉस्पिटैलिटी पार्टनर की भूमिका निभाएगा। फ्रेंचाइजी का विश्वास है कि इन साझेदारियों से मैदान के भीतर और बाहर विश्वस्तरीय क्रिकेट अनुभव उपलब्ध कराने के उसके संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
आधिकारिक जर्सी के अनावरण, कप्तान की घोषणा और तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने के साथ अब तेजपुर टाइटंस का पूरा ध्यान असम प्रीमियर लीग 2026 के उद्घाटन संस्करण पर केंद्रित है। अपनी टीम, शहर और लाखों क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों को साथ लेकर फ्रेंचाइजी एक ही संदेश के साथ मैदान में उतरने को तैयार है—"हमला बोल!"
तेजपुर टाइटंस के बारे में
तेजपुर टाइटंस असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के उद्घाटन संस्करण में तेजपुर का प्रतिनिधित्व करने वाली एक पेशेवर क्रिकेट फ्रेंचाइजी है। क्रिकेट में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से स्थापित यह फ्रेंचाइजी प्रतिस्पर्धी खेल भावना, पेशेवर उत्कृष्टता और सामाजिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्ध है। लीग की संस्थापक टीमों में शामिल तेजपुर टाइटंस का लक्ष्य असम के क्रिकेट परिदृश्य में एक स्थायी पहचान स्थापित करना तथा राज्य के सबसे बड़े क्रिकेट मंच पर तेजपुर की गौरवशाली भावना का प्रतिनिधित्व करना है।

No comments:
Post a Comment