W7s news,,गुवाहाटी, 31 जुलाई: सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को निभाते हुए पूर्वोत्तर भारत की अग्रणी सीमेंट निर्माता कंपनियों में से एक गैलेक्सी सीमेंट ने ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए व्यापक राहत अभियान चलाया। कंपनी ने दो चरणों में जोरहाट, शिवसागर और चराइदेव जिलों के लगभग 1,000 बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ ने ऊपरी असम के अनेक क्षेत्रों में व्यापक तबाही मचाई है। हजारों परिवार आज भी भोजन, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में गैलेक्सी सीमेंट ने प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता दिखाते हुए राहत सामग्री वितरित करने का निर्णय लिया।
राहत अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत जोरहाट जिले के टियोक, सेलेनघाट और कालियापानी तथा शिवसागर जिले के चारिंग-बरुआती और फुलपानीचिगा क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण किया गया।
इसके बाद दूसरे चरण में कंपनी ने शिवसागर जिले के सर्वाधिक प्रभावित बेतबाड़ी और नाजिरा क्षेत्र के लगभग 20 गांवों में राहत सामग्री वितरित की। राहत किट में खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, कंबल, तौलिये, ब्लीचिंग पाउडर, मोमबत्तियां, मच्छर भगाने वाली अगरबत्तियां तथा स्कूली बच्चों के लिए कॉपियां, कागज और अन्य शैक्षणिक सामग्री शामिल थीं, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।
यह संपूर्ण राहत अभियान गैलेक्सी सीमेंट के अपर असम के डिप्टी मैनेजर देबजीत गोस्वामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान में कंपनी के प्रमुख वितरकों अमित बावरी, जीबा बोरा, संजीव सिंह, सम्राट शर्मा (बोकाखात), पुलक हजारिका (बरहोला), पार्थ धर (टियोक), डिंपल सुतिया, अंकुर बोरा और रिंकू बरगोहाईं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इनके साथ कंपनी के जोरहाट स्थित एसोसिएट सेल्स प्रबंधक राजू बेजबरुआ, गोलाप दास, इंजीनियर किशोर विकास बोरा तथा गैलेक्सी सीमेंट के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी राहत कार्य में बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
राहत अभियान को बेतबाड़ी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों तथा समाजसेवी विश्वजीत बरुआ और प्रशांत बरठाकुर का भी भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने गैलेक्सी सीमेंट की इस समयोचित मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में कंपनी द्वारा प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराना उसकी सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर गैलेक्सी सीमेंट के निदेशक ईशान मोदी ने कहा, "गैलेक्सी सीमेंट का मानना है कि किसी भी संकट की घड़ी में उद्योग जगत की जिम्मेदारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी उतना ही आवश्यक है। इस राहत अभियान के माध्यम से हमारा प्रयास बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उनके कठिन समय को कुछ हद तक आसान बनाना है। भविष्य में भी जब-जब समाज को हमारी आवश्यकता होगी, गैलेक्सी सीमेंट पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ स्थानीय लोगों के साथ खड़ा रहेगा।"

No comments:
Post a Comment